हरिपुर कलां में सीवर लाइन के आधे अधूरे काम से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया। हरिपुर कलां में नमामि गंगे परियोजना के तहत सीवर लाइन बिछाए जाने का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सीवर लाइन का कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिसके चलते ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सीवर लाइन मानकों के अनुरूप नहीं बिछाई जा रही है। गायत्री तपोवन गली नंबर 6 और शांति मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। यहां जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बच्चों बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, हिमांशु सरीन, मंजू रानी, सुनील ओझा, मीनाली, सुनील त्यागी, किरण चौधरी आदि शामिल हैं।