त्रिवेणी घाट के नाव घाट पर कार्यदायी संस्था की ओर से चल रहे सौंदर्यीकरण व निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों को गंगा में धोने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में सीमेंट मिक्चर मशीन का सीमेंट बहाने से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद पर्यावरण नियमों के पालन और धार्मिक आस्था को लेकर हिमाद्रि फाउंडेशन ने अपना विरोध जताया है। फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रतीक वर्मा ने विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर गंगा की पवित्रता को बरकरार रखने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गंगा को दूषित किया गया तो फाउंडेशन उच्च अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराएगी। जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा। सिंचाई विभाग के सहायक परियोजना प्रबंधक दीपक रमोला ने ठेकेदार को ऐसी लापरवाही दोबारा नहीं करने के लिए निर्देशित किया है। उच्च अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया जा रहा है।