अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से निर्मल आश्रम दीपमाला पब्लिक स्कूल में आयोजित हुआ अपराजिता कार्यक्र
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से निर्मल आश्रम दीपमाला पब्लिक स्कूल में अपराजिता अभियान के तहत छात्राओं को महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। एम्स ऋषिकेश की एडिशनल प्रोफेसर (डॉ.) राजलक्ष्मी ने छात्राओं को मासिक धर्म की स्वच्छता और सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि जागरूकता और समय पर टीकाकरण ही सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है।मंगलवार को अपराजिता कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य ललिता कृष्णास्वामी, डॉ. राजलक्ष्मी, वसुंधरा संस्था की अध्यक्ष प्रियंका नेगी ने किया। डॉ. राजलक्ष्मी ने कहा कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर सर्वाइकल कैंसर है। यह एक ऐसा रोग है जो धीरे-धीरे शरीर में पनपता है और जब तक इसके लक्षण स्पष्ट होते हैं, तब तक कई बार बहुत देर हो चुकी होती है। यही कारण है कि इसके प्रति जागरूकता और समय पर बचाव अत्यंत आवश्यक है। कहा कि सर्वाइकल कैंसर मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण के कारण होता है। अधिकांश मामलों में शरीर इसे खुद ही खत्म कर देता है, लेकिन कुछ स्थितियों में यही वायरस आगे चलकर कैंसर का रूप ले लेता है। डॉ. राजलक्ष्मी ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता पर भी छात्राओं को जानकारी दी। कहा कि लंबे समय तक पैड या टैंपोन का प्रयोग न करें। इन्हें बदलते रहें। मासिक धर्म के दौरान प्यूबिक एरिया को साफ-सुथरा रखें। इस दौरान पर्याप्त नींद लें।