बीते मंगलवार को पुरानी चुंगी के समीप एक दुकान के बाहर मृत मिले अज्ञात युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी रंजीत सिंह के रूप में हुई है। युवक वाहन चलाता था। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया था। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि बुधवार को रामबीर सिंह निवासी हैदरपुर जिला हरदोई उत्तर प्रदेश हाल पता भरत विहार ऋषिकेश एक अन्य व्यक्ति के साथ कोतवाली आए। रामबीर ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे का मंगलवार से पता नहीं चल पा रहा है। एम्स मोर्चरी में ले जाकर अज्ञात शव को दिखाया गया तो रामबीर सिंह ने शव की पहचान अपने बेटे रंजीत सिंह (22) के रूप में की। उन्होंने बताया कि उनका बेटा रंजीत गंगा नगर निवासी किसी व्यक्ति का वाहन चलाता था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया है।