सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर में 3 अप्रैल को भी मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच होगी। 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे पर राजपत्रित अवकाश होने के बाद भी सीएचसी मरीजों के लिए खुला रहेगा। मरीजों की सुविधा के लिए पौड़ी मुख्य चिकित्साधिकारी ने यह निर्णय लिया है। सीएचसी यमकेश्वर में पौड़ी सीएमओ की पहल पर करीब दो महीने से मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा मिल रही है। केंद्र में प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शुक्रवार को गर्भवती के अलावा अन्य मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच होती है। इस बार अप्रैल महीने के पहले शुक्रवार 3 अप्रैल को गुडफ्राइडे है। मरीजों को कोई परेशानी न हो इसके लिए शुक्रवार को भी केंद्र खुला रहेगा। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी यमकेश्वर डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि मरीजों की समस्या और सुविधा को देखते हुए पौड़ी सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला ने 3 अप्रैल को राजपत्रित अवकाश के दिन भी केंद्र खुले रहने के निर्देश दिए है।उन्होंने बताया कि मरीजों को महीने में मात्र दो दिन अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा मिलती है। राजपत्रित अवकाश पर एक दिन खराब न हो इसके लिए अवकाश के दिन भी मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच होगी।