नगर निगम स्थित बिजलीघर में ओवरलोड के कारण हुए धमाकों से गंगानगर क्षेत्र में रातभर बिजली गुल रही। इससे गंगानगर क्षेत्र में जल संस्थान के ट्यूबवेल नहीं चल पाए। करीब 10 हजार की आबादी प्रभावित हुई और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरम्मत के दौरान कुल तीन धमाके हुए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।सोमवार रात नौ बजे नगर निगम बिजलीघर के पैनल में पहला धमाका हुआ। इस धमाके के बाद गंगानगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी और इंजीनियरों ने मरम्मत का काम शुरू किया। पैनल और सीटी की सफाई व मरम्मत के बाद लाइन चालू करने पर दोबारा धमाका हो गया। इसके बाद फिर से मरम्मत की गई, लेकिन तीसरा धमाका भी हो गया। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने फिर बैराज बिजलीघर के आवास विकास फीडर से गंगानगर में बिजली आपूर्ति शुरू कराई। तड़के तीन बजे जाकर क्षेत्र में बिजली बहाल हो पाई। नगर निगम बिजलीघर की मरम्मत मंगलवार दोपहर दो बजे तक पूरी हो सकी।