देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष
- फोटो : samvad
परमार्थ निकेतन में देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि राष्ट्र रक्षा के प्रति उनका अदम्य साहस, अटूट निष्ठा और शौर्यपूर्ण नेतृत्व भारत माता के गौरव का उज्ज्वल अध्याय है। उनकी प्रेरणा, उनका वीरत्व और उनका राष्ट्रभक्त हृदय आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र भक्ति का अनुपम संदेश देता रहेगा। भारत उनकी अमर सेवा को कृतज्ञता पूर्वक सदैव याद करता रहेगा। स्वामी चिदानंद सरस्वती ने बोधि दिवस पर कहा कि यह दिन मानव इतिहास के उन श्रेष्ठतम क्षणों में से एक है। जिस दिन मानवता को अद्वितीय आलोक, करुणा और जागृति का संदेश प्राप्त हुआ। आज के ही दिन सिद्धार्थ गौतम ने बोधगया की पवित्र भूमि पर पीपल वृक्ष के नीचे गहन ध्यान की अवस्था में बोधि अर्थात परम ज्ञान प्राप्त किया और भगवान बुद्ध के रूप में विश्व को अहिंसा, शांति, मैत्री और मध्यममार्ग का एक नया पथ दिखाया।