वैदिकनगर अंडरपास निर्माण के चलते 22 दिसंबर को हरिद्वार-देहरादून रेल ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही बंद रहेगी। पावर मेगा ब्लाक के तहत रेलवे और हाईवे का निर्माण कार्य अंतिम चरण पर पहुंच गया है। बुधवार को देहरादून जाने वाली सभी ट्रेनों की आवाजाही पूर्णता बंद रहेगी। हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे निर्माण के तहत ग्राम पंचायत प्रतीतनगर के वैदिकनगर के निकट रेलवे अंडर पास का कार्य किया जाना है। निर्माणदायी संस्था सेतु निगम के सहायक अभियंता ओपी राम ने बताया वैदिकनगर के निकट रेलवे ट्रैक के नीचे अंडरपास का कार्य किया जाना है। इसके लिए रेलवे से ट्रेनों की आवाजाही पर रोक लगाने की अनुमति मांगी गई थी। इसके तहत बुधवार को सुबह साढ़े सात बजे से तीन बजकर 15 मिनट तक हरिद्वार-देहरादून रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही पूर्णत: बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि हाईवे और रेलवे के बीच निर्माण कार्य अंतिम चरण पर पहुंच चुका है।