शहर में जहर खुरानी का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह आईएसबीटी में परिवहन निगम की बस में एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गडोलिया टिहरी निवासी विजय सिंह राणा (50) मंगलवार रात को रोडवेज बस से दिल्ली से अपने गांव जाने के लिए निकले थे। बुधवार सुबह करीब चार बजे बस आईएसबीटी पहुंची तो बाकी यात्री उतर गए। लेकिन उसमें एक व्यक्ति बेहोश पड़ा था। परिचालक की सूचना पर 108 एंबुलेंस से उसे सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। होश में आने पर राणा ने बताया कि रास्ते में एक व्यक्ति ने उसे चाय पीने को दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। जहर खुरानी गिरोह के सदस्य उसका सामान, नकदी, मोबाइल आदि लेकर चले गए। प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।