तहसील के पटवारियों पर काम का लोड बढ़ने के कारण तहसील प्रशासन ने तीन नए पटवारी बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए डीएम के माध्यम से राजस्व परिषद को ज्ञापन भेजा गया है। राजस्व परिषद से अनुमति मिलने के बाद नए पटवारी क्षेत्र अस्तित्व में आएंगे।
ऋषिकेश तहसील क्षेत्र में वर्तमान में सात पटवारी क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों में ऋषिकेश, छिद्दरवाला, रायवाला, रानीपोखरी, भोगपुर, गडूल और बड़कोट शामिल हैं। पर्वतीय क्षेत्रों से लोगाें के ऋषिकेश क्षेत्र में पलायन करने के कारण आबादी बढ़ गई है। इससे वर्तमान पटवारियों पर काम का दबाव बढ़ गया है। पटवारियों को जमीन का सर्वे, जमीन विवाद, आपदा सर्वे, अन्य राजस्व से संबंधित कार्य करना पड़ता है। अब तहसील प्रशासन श्यामपुर, खैरीकलां, ऋषिकेश-एक के नाम से नए पटवारी क्षेत्र खोलने की कवायद कर रहा है।
ऋषिकेश तहसील क्षेत्र में वर्तमान में सात पटवारी क्षेत्र हैं। क्षेत्र में काफी विस्तार हो गया है। ऐसे में तीन नए पटवारी क्षेत्र बनाने को लेकर डीएम के माध्यम से राजस्व परिषद को भेजा गया है। राजस्व परिषद से अनुमति मिलने के बाद तीन पटवारी क्षेत्र अस्तित्व में आएंगे।
- योगेश मेहरा, एसडीएम ऋषिकेश