उत्तराखंड में तीसरी बर्ड काउंटिंग शुरू हो गई है। राजाजी टाइगर रिजर्व के मोतीचूर रेंज में वन विभाग की टीमें पक्षियों की गणना में जुटी हुई हैं। मोतीचूर रेंज अधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि बर्ड काउंटिंग का मुख्य उद्देश्य जंगल में पक्षियों की संख्या, उनकी प्रजातियों और उनके व्यवहार का आकलन करना है। इस दौरान प्रवासी पक्षियों के साथ-साथ स्थानीय पक्षियों की भी गणना की जा रही है। उन्होंने कहा कि पक्षियों की संख्या से जंगल के स्वास्थ्य और पर्यावरण की स्थिति का पता चलता है। यदि किसी प्रजाति की संख्या घट रही है तो उसके कारणों का पता लगाकर संरक्षण के उपाय किए जाएंगे। गणना के लिए वन विभाग की टीमों को अलग-अलग ट्रेल और क्षेत्रों में भेजा गया है। टीमें पक्षियों की आवाज, उनकी उड़ान और उनके ठिकानों के आधार पर गणना कर रही हैं। राजाजी टाइगर रिजर्व पक्षियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां हर साल बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं। इस बार की गणना से पर्यटन और संरक्षण की नई योजनाओं को भी दिशा मिलेगी।