विद्युत आपूर्ति ठप होने से यमकेश्वर तहसील मुख्यालय में विभागीय कार्य नहीं हो पाते हैं। बृहस्पतिवार को बिजली गुल रहने से प्रमाणपत्र बनवाने आदि के लिए मुख्यालय पहुंचे ग्रामीण दिनभर बिजली का इंतजार करने के बाद बेरंग लौट गए। यहां जेनरेटर की व्यवस्था नहीं और इन्वर्टर अप्रैल में चोरी हो चुका है।
शुक्रवार सुबह 10 बजे से कस्याली बिजलीघर से आपूर्ति ठप रही तो तहसील मुख्यालय में कार्य बंद रहे। शुक्रवार को पोखरी, बिस्सी, लक्ष्मण झूला, किमसार, बनास, ढोसेन, डोरन, दिउली आदि गांवों से दो दर्जन से अधिक लोग तहसील पहुंचे थे। विद्युत आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करने के बाद शाम तीन बजे तक ग्रामीण लौटने लगे। दिउली से पहुंचे बालकृष्ण ने बताया कि वह 150 रुपये एक तरफ का किराया खर्च करके तहसील पहुंचे, लेकिन काम नहीं हुआ। आने-जाने में केवल किराये में 300 रुपये खर्च हुए। ढोसन गांव से आए शंकर पयाल ने बताया कि 20 रुपये की खतौनी कागजात के लिए वह दोस्त की बाइक मांगकर तहसील आए लेकिन लौटना पड़ा। उनके गांव से सार्वजनिक वाहन नहीं चलते। मालूम हो कि यमकेश्वर तहसील में हर कार्य दिवस पर दो दर्जन से अधिक लोग स्थायी निवास, जाति प्रमाणपत्र, खतौनी, ईडब्ल्यूएस आदि के लिए पहुंचते हैं।
उरेडा से सोलर लगाने के लिए पत्राचार किया गया है। जल्द सोलर व्यवस्था कर दी जाएगी। उसके बाद बिजली न होने पर कंप्यूटर संबंधित कार्य जारी रहेंगे। - सीएस चौहान, एसडीएम, यमकेश्वर।
33 केवी की लाइन पर फॉल्ट आए हैं। दो स्थानों पर फाल्ट ठीक कर लिए गए हैं। लाइन में और भी फॉल्ट हैं जिनको ढूंढकर सही किया जा रहा है। - रवि अरोड़ा, एसडीओ, कोटद्वार।
-
यमकेश्वर तहसील कार्यालय में कैमरे भी नहीं
प्रशासन तहसील कार्यालय की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। यहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। यदि कैमरे लगाए भी जाएंगे तो सवाल बड़ा यह होगा कि ये चलेंगे किस ऊर्जा से। शुक्रवार को पूरे दिन बिजली न रहने पर तहसील का कोई काम नहीं हुआ। कैमरा न होने से यहां से अप्रैल में चोरी हुआ इन्वर्टर अब तक बरामद नहीं हुआ है। तहसील की सुरक्षा अब तीन शिफ्ट में पीआरडी के जवान कर रहे हैं। ग्राम प्रधान बिथ्यानी सतेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए प्रशासनिक स्तर पर तहसील परिसर सहित रिकॉर्ड रूम में भी सीसीटीवी कैमरा आवश्यक रूप से लगाए जाने चाहिए। एसडीएम सीएस चौहान ने कहा है कि दो माह के भीतर तहसील कार्यालय व परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे।