ठीक होने गए थे तीन और लगे सिर्फ दो, लोगों को हो रही परेशानी
नगर पालिका क्षेत्र में राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए लगाए गए वाटर कूलर खराब हो जाने के कारण उन्हें ठीक कराने के लिए भेजा गया था लेकिन इन वाटर कूलर में से एक कम हो गया है। यह माजरा विकासनगर शहर का है। शहर में लगे दो कूलर तो ठीक होकर अपने स्थान पर लगा दिए गए परंतु तीसरे की जानकारी अभी पालिका प्रशासन को नहीं है।
नगर के बाजार में आवाजाही करने वाले ग्राहकों, राहगीरों व यमुनोत्री जाने वाले तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए 2013 में नगर के सिनेमा गली, जल संस्थान कार्यालय और नगर पालिका कार्यालय में तीन वाटर कूलर लगाए गए थे। तीन-चार साल चलने के बाद वाटर कूलर खराब हो गए। ठंडे पानी की सुविधा लोगों को नहीं मिल रही थी।
जून के पहले सप्ताह में अमर उजाला में इस संबंध में खबर प्रकाशित होने के बाद सभी वाटर कूलरों को उनके स्थान से उठवाकर ठीक कराने के लिए भिजवा दिया गया। लेकिन जल संस्थान कार्यालय पर लगा वाटर कूलर अभी तक नहीं लगाया गया। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बद्रीप्रसाद भट्ट से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सभी वाटर कूलर ठीक होकर अपने-अपने पूर्व स्थानों पर लगा दिए गए हैं। परंतु जब उन्हें बताया गया कि जल संस्थान कार्यालय के बाहर लगा वाटर कूलर अभी नहीं लगा है तो उन्हें इस मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि जानकारी करके जल्दी ही वाटर कूलर को उसके स्थान पर लगाया जाएगा।