ढालवाला। धनतेरस पर्व पर जयदेव प्रसाद उमादत्त कुडियाल सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, 14 बीघा में भव्य फूड एंड क्राफ्ट मेले का आयोजन किया गया। छात्राओं की ओर से तैयार हस्तशिल्प, सजावटी दीपक, मालाओं और आकर्षक कलात्मक वस्तुओं के साथ गोलगप्पे, दहीबड़े, मैकरोनी और भेलपुरी के स्टॉल मेले के प्रमुख आकर्षण रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त बीआरओ अधिकारी कमल सिंह राणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वीना सिंह, विद्यालय व्यवस्थापक देवेंद्र दत्त कुडियाल और संरक्षक महेश कुडियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि कमल सिंह राणा ने छात्राओं की रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। इससे छात्राओं में उद्यमशीलता, स्वावलंबन और आत्मनिर्भर बनने की भावना विकसित होती है। विद्यालय की प्रधानाचार्या रजनी रावत ने कहा कि विद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास और कौशल संवर्धन के लिए निरंतर ऐसे आयोजन करता रहेगा।