ऋषिकेश। रूषाफार्म गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-16 आयु वर्ग के बैडमिंटन युगल चैंपियनशिप-2025 के अंतिम दिन फाइनल मुकाबला खेला गया। ईशान और अंकित की जोड़ी ने जीत हासिल कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मयंक और आदर्श की जोड़ी ने द्वितीय और अंशित और ईशान की जोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के सभी विजयी प्रतिभागियों को एकेडमी के संस्थापक दर्शनलाल उनियाल, निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडेय, प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल, जीआईसी कठूर भिलंगना के प्रवक्ता केदारदत्त सेमवाल की ओर से स्मृति चिह्न और नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया। निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मोहन नेगी, राजेश डोभाल, प्रियंका नेगी, पूजा मठियाल, साधना रतूड़ी, रचना बिजल्वाण आदि शामिल रहे। संवाद