ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऑनलाइन खरीदारी का बढ़ा चलन
ऋषिकेश। त्योहारों के सीजन में जहां बाजारों में रौनक बढ़ने की उम्मीद रहती है वहीं ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन ने स्थानीय कपड़ा व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। शहर और ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं और युवतियां बाजारों में जाकर कपड़े खरीदने के बजाय ऑनलाइन शॉपिंग करना अधिक पंसद कररही हैं। इसका असर स्थानीय कपड़ा कारोबार पर पड़ रहा है। व्यापारियों का दावा है कि ऑनलाइन व्यापार के कारण उनके कारोबार में लगभग 50 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। घाट रोड के कपड़ा व्यापारी हर्षित गुप्ता और पवन शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी का चलन तेजी से बढ़ रहा है। अब केवल शहरी क्षेत्र ही नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों की महिलाएं और युवतियां भी घर बैठे कपड़ों की खरीदारी कर रही हैं। मोबाइल पर पसंद के कपड़े चुनने और घर बैठे ही सामान पहुंचने की सुविधा के चलते लोग बाजारों का रुख कम कर रहे हैं। इससे स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान स्थानीय बाजारों से खरीदारी होने पर छोटे और बड़े व्यापारियों के साथ ही अन्य कारोबारियों को भी लाभ मिलता है। बाजार में खर्च होने वाला पैसा स्थानीय व्यापार और रोजगार को मजबूती देता है। इसके विपरीत ऑनलाइन खरीदारी बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों के सामने कारोबार बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो रही है। कपड़ा व्यापारियों ने लोगों से त्योहारों पर स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने की अपील की है। उनका कहना है कि स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने से शहर की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और बाजारों की रौनक भी बरकरार रहेगी।