नगर निगम परिसर स्थित स्व. इंद्रमणी बडोनी हॉल को गोदाम बनाने पर राज्य निर्माण सेनानियों ने नगर निगम के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान सेनानियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मंगलवार को राज्य निर्माण सेनानी अपनी एक बैठक के लिए निगम परिसर स्थित स्व. इंद्रमणी बडोनी हॉल पहुंचे। हॉल के अंदर नगर निगम का सामान भरा हुआ था। हॉल को खाली कराने को लेकर राज्य निर्माण सेनानियों ने नगर आयुक्त राहुल गोयल से मुलाकात की।
राज्य निर्माण सेनानी डीएस गुसाईं ने बताया कि नगर निगम की ओर से उन्हें यह हॉल दिया गया था, लेकिन अब नगर निगम ने ही उस पर कब्जा कर दिया है। जिससे अब उन लोगों के पास कोई ठिकाना नहीं है। प्रदेश के गठन होने के बाद से भाजपा और कांग्रेस की सरकार ने राज्य निर्माण सेनानियों को सम्मान देने का काम किया है।
राज्य निर्माण सेनानियों ने भी हमेशा सरकार का साथ दिया है। लेकिन इस तरह की बर्बरता राज्य निर्माण सेनानी बरदाश्त नहीं करेंगे। कहा बीते दो साल से यह भवन राज्य निर्माण सेनानियों के पास था, लेकिन अब निगम ने इसे गोदाम बना दिया है। जो राज्य निर्माण सेनानियों का अपमान है। इस मौके पर वेद प्रकाश शर्मा, गंभीर मेवाड़, शीला ध्यानी, प्रेम नेगी, मुन्नी देवी, शकुंतला नेगी, जयंती नेगी आदि शामिल थे।