I
I
I
Iखानापूर्ति बना आयोजन, तहसील दिवस में पहुंचे मात्र तीन शिकायतेंI
तहसील दिवस में समस्या का समाधान नहीं होने पर फरियादियों का मोहभंग हो रहा है। महीने के पहले मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन कागजी खानापूर्ति भर रह गया है। विभागीय अधिकारियों के दूरी बनाने के बाद अब फरियादी भी गिनती के पहुंच रहे हैं। पिछले तहसील दिवस में दर्ज हुई शिकायतों का महीने भर बाद भी निस्तारण नहीं हो रहा है। मंगलवार को तहसील दिवस में मात्र तीन शिकायतें आई।
मंगलवार को तहसीलदार सुशीला कोठियाल की अध्यक्षता में तहसील दिवस किया गया। एडवोकेट अजय ठाकुर ने मंशा देवी वार्ड नंबर 37 में 150 मीटर सड़क नगर निगम बनवाने की मांग की। अमितग्राम गली नंबर 33 बी निवासी मुनीश ने बिजली का पोल सीधा करने और मदनलाल जाटव ने शहर के नालों से अतिक्रमण हटाने की मांग की। 11 बजे शुरू हुए तहसील दिवस में करीब डेढ़ बजे तक एक ही शिकायत आई थी। उसके बाद दो अन्य शिकायतें आई। बैठक में अरविंद नेगी, धर्मेंद्र कुकरेती, आशीष कुमार, सुनील भदूला, छत्रपाल सिंह, सुधीर सैनी, बीएस राना आदि उपस्थित रहे।
पिछले महीने छह फरवरी को हुए तहसील में गुमानीवाला 10 नंबर गली निवासी भुवन फुलारा ने रास्ते पर हुए अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई थी। तहसीलदार ने उक्त शिकायत पर कार्रवाई के लिए सहायक नगर आयुक्त को भेजा था। लेकिन नगर निगम ने उक्त शिकायत को ठंड बस्ते में डाल दिया।
चक जोगीवाला माफी के ग्राम प्रधान भगवान सिंह मेहर ने रांगड़वाला और चकजोगीवाला के महर देवता मंदिर के पास 22.50 बीघा भूमि पर कुछ लोगों की ओर से किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी। तत्कालीन एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। लेकिन कोई भी उक्त सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त नहीं करा पाया।