थाना मुनिकीरेती अंतर्गत गूलर दोगी पट्टी के शिवपुरी में 25 अगस्त को हेंवल नदी पार करने के दौरान बहा तिमली गांव के व्यक्ति का शव मिल गया है। थाना मुनिकीरेती पुलिस ने पंचनामा भर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। 25 अगस्त शाम करीब चार बजे तिमली गांव का भागचंद भंडारी (65) और मटियाली काटल गांव निवासी जबर सिंह शिवपुरी पुल के समीप हेंवल नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज बहाव में दोनों बहने लगे। किसी तरह जबर सिंह ने अपनी जान बचाई लेकिन भागचंद नदी के तेज बहाव में ओझल हो गए थे। बुधवार को भागचंद भंडारी का शव जूनियर हाईस्कूल बडल के ठीक सामने हेंवल नदी के पास मिला। स्थानीय लोगों ने शव की शिनाख्त कर इसकी सूचना थाना मुनिकीरेती पुलिस को दी।