थाना मुनि की रेती अंतर्गत शिवपुरी क्षेत्र के यूसुफ बीच पर स्नान के दौरान गंगा में बहे तमिलनाडु के युवक का शव करीब पांच दिन बाद मिला है। थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि बीते 06 अप्रैल को 2/16 बाजानाई कोविल स्ट्रीट, थिरुमुदिवक्कम, जनपद कांचीपुरम, तमिलनाडु निवासी विजय रवि (28 वर्ष) पुत्र रवि युसूफ बीच पर स्नान के दौरान गंगा में बह गया था। एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान में जुटी रही। रेस्क्यू टीम ने स्कूबा डाइविंग, राफ्टिंग और आधुनिक उपकरणों की सहायता से गहन सर्चिंग अभियान चलाया। लगातार प्रयास के बाद 11 अप्रैल को एसडीआरएफ टीम ने फूलचट्टी क्षेत्र के समीप युवक का शव बरामद किया। परिजनों ने शव की शिनाख्त की है।