परमार्थ निकेतन के महामंडलेश्वर स्वामी असंगानंद- फाइल फोटो
परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के महामंडलेश्वर स्वामी असंगानंद सरस्वती ब्रह्मलीन हो गए। दोपहर एक बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले कई महीनों से वृद्धावस्था जनित बीमारियों से पीड़ित थे। दिल्ली सहित कई बड़े शहरों में उनका उपचार चल रहा था। गत 15 अक्तूबर को उनके 90 वर्ष पूर्ण होने पर परमार्थ निकेतन परिवार ने उनका जन्मोत्सव मनाया था। उनके निधन से परमार्थ निकेतन, दैवी सम्पद मंडल और संपूर्ण संत समाज में शोक की लहर है। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज ने भावुक होते हुए कहा कि स्वामी असंगानन्द सरस्वती महाराज ने मात्र नौ वर्ष की आयु में अपना जीवन परम पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी शुकदेवानंद सरस्वती महाराज के श्रीचरणों में समर्पित कर दिया था। उन्होंने शाहजहांपुर में शिक्षा प्राप्त की और तत्पश्चात परमार्थ निकेतन आए, जहां उन्होंने अध्यापन, साधना, सेवा और धर्मप्रसार का कार्य जीवनपर्यंत निष्ठा के साथ किया। दैवी सम्पद मंडल के माध्यम से उन्होंने सेवा, साधना, ज्ञान-वितरण और धर्मरक्षा के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। स्वामी चिदानंद सरस्वती, साध्वी भगवती सरस्वती तथा ऋषिकुमारों ने दो मिनट का मौन रखा।