बिजली के पोल पर अचानक लगी आग
ऋषिकेश। हरिद्वार रोड स्थित घाट चौराहे के समीप बिजली के पोल पर लगे बॉक्स में अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते बॉक्स में आग भड़क गई और आग की लपटें पोल पर लगी बिजली की तारों तक पहुंच गईं। पोल पर आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली की आपूर्ति बंद करवाई। इसके बावजूद कुछ देर तक बिजली की तारों से आग की लपटें निकलती रहीं। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण करीब कई घंटे तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। उपखंड अधिकारी शैल विहार यूपीसीएल रूपेश चंद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया था। खराबी को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है और जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
-