शहर में बृहस्पतिवार की देर रात आए आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। तेलीवाला में एक पेड़ घर पर गिर गया। घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। माजरी ग्रांट में एक बैडमिंटन एकेडमी का टिनशेड हवा से उखड़ गया। क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।बता दें कि बृहस्पतिवार की शाम मौसम ने करवट ली। देर रात आंधी और तूफान आने लगा। इससे नगर पालिका के वार्ड 15 में सड़क के किनारे खड़ा पेड़ धाराशायी होकर एक घर पर गिर गया। नगर पालिका के सभासद रियासत अली मोंटी ने बताया कि तेलीवाला निवासी अमजद अली के कच्चे घर पर पेड़ गिर गया था। घर में मौजूद लोग सुरक्षित हैं। माजरी ग्रांट में बैडमिंटन एकेडमी का टिनशेड उखड़कर दूर जा गिरा। बारिश से आम-लीची की फसल भी प्रभावित हुई है। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा, जिन लोगों को नुकसान पहुंचा है, उनको क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए प्रशासन को कहा जाएगा। संवाद