ऋषिकेश। लगातार हो रही बारिश के बीच भी कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बृहस्पतिवार को यात्रा क्षेत्र का भ्रमण किया और ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी चौबे ने भद्रकाली, खाराश्रोत, ब्रह्मानंद तिराहा और पीडब्ल्यूडी तिराहा सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। लगातार बारिश के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का हौसला बढ़ाते हुए एसएसपी चौबे ने उन्हें रेनकोट और छाते वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम में भी पुलिस कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और शांतिपूर्ण यात्रा संपन्न कराना टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। संवाद