एम्स में टेलीमेडिसिन ओपीडी के लिए तैयार हुआ अलग विभाग
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सक अब टेलीमेडिसिन ओपीडी के माध्यम से राज्य के दूर-दराज क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य परामर्श दे सकेंगे। दरअसल एम्स में डिपार्टमेंट ऑफ टेलीमेडिसिन, रीजनल रिसोर्स सेंटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फोर आर्टिकल इंटेलिजेंस का संचालन शुरू हो गया है। वहीं टेलीमेडिसिन ओपीडी के लिए अलग से विभाग बनाया गया है।
शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने इसका उद्घाटन किया। उन्होंने बताया यह सुविधा उत्तराखंड के लोगों के लिए संजीवनी की तरह होगी। इस सेवा से प्रदेश के सुदूरवर्ती इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य परामर्श को उपलब्ध कराना आसान हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी मसूरी, राजकीय अस्पताल कोटद्वार और कनखल हरिद्वार स्थित रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम पूर्व से ही संस्थान की टेलीमेडिसिन सेवा से सीधे तौर पर जुड़े हैं। अब इस सुविधा के विस्तार के लिए एम्स में अलग से विभाग बनाया गया है। कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से पूर्व निर्धारित समय के अनुसार टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से एम्स के सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दे सकेंगे। टेलीमेडिसिन विभाग में साउंडप्रूफ चेंबर, कंसलटेंट चिकित्सकों के लिए अलग-अलग केबिन और हाई स्पीड इंटरनेट व्यवस्था की गई है। यह विभाग संस्थान के ए ब्लॉक स्थित छठवीं मंजिल से संचालित होगा।