ऋषिकेश। उत्तराखंड मार्शल आर्ट्स एकेडमी के छह महिला खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय मुए थाई चैंपियनशिप 2025 के लिए उत्तराखंड राज्य की 35 सदस्यीय टीम में हुआ है। महिला खिलाड़ी हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में नौ से 14 जून तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। एकेडमी की निदेशक एवं एशियाई पदक विजेता प्रज्ञा जोशी ने बताया कि गुमानीवाला स्थित एकेडमी की खिलाड़ी सपना जावड़ी, पायल बिष्ट, सृष्टि कृषाली, मानसी जवाडी, नंदनी चौहान और अंजलि रावत का चयन राज्य टीम में हुआ है। बताया कि चैंपियनशिप खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि इसमें स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी अक्तूबर में बहरीन में होने वाले तीसरे एशियन यूथ गेम्स में भारतीय टीम का हिस्सा बन सकते हैं। टीम चयन के लिए भारतीय ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक(ऑब्जर्वर) प्रतियोगिता के दौरान विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। संवाद