- मेधावी छात्रों के लिए प्रेरणा बना गणेशी देवी मणिराम जोशी चैरिटेबल ट्रस्ट
यमकेश्वर। शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए गणेशी देवी मणिराम जोशी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से यमकेश्वर विकासखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। ट्रस्ट की ओर से कक्षा 9, 10, 11 व 12 से एक-एक छात्र सहित कुल चार मेधावी छात्र-छात्राओं को यह छात्रवृत्ति दी जा रही है। शनिवार को राजकीय इंटर कालेज, तिलधारखाल में आयोजित कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित की गई। इस दौरान कुल 80 लाभार्थी छात्र-छात्राओं को गर्म कपड़े बांटे गए। ट्रस्ट के अनुसार इस वित्तीय वर्ष में विकासखंड के सभी 15 इंटर कालेज और सभी 10 हाईस्कूलों के कुल 80 छात्र-छात्राओं को 2.31 लाख रुपये की छात्रवृत्ति बांटी गई है। पिछले वर्ष ही ट्रस्ट ने इस छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत कक्षा 9 व 10 के छात्रों को 2,500 रुपये और कक्षा 11 व 12 के छात्रों को 3,500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष देवकी नंदन जोशी, सचिव बीना जोशी, बीईओ केएस टोलिया, मनमोहन रौतेला, धर्मवीर पासी, एसपी अमोला, एसपी भट्ट आदि मौजूद रहे।