राजकीय इंटर कॉलेज मोहनचट्टी में भवन निर्माण के लिए शिक्षा विभाग विभाग की ओर से 1.16 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस धनराशि से विद्यालय परिसर में चार कक्ष और एक शौचालय का निर्माण होगा। कक्षों का निर्माण होने से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सुविधा मिलेगी।
लक्ष्मणझूला डीएम कैंप कार्यालय से करीब 15 किमी दूर राजकीय इंटर कॉलेज मोहनचट्टी है। वर्तमान में इस विद्यालय में 183 छात्र संख्या है। विद्यालय में बिजनी, कुमार्था, नैल, मंगल्यागांव, पटना, वीरकाटल, करौंदी, घाईकल, सिंदुड़ी, बैरागढ़, घट्टूगाड़, फूलचट्टी, जोग्याणा, मोहनचट्टी आदि गांवों के बच्चे पढ़ने आते हैं।
कक्षा 11 और 12 में कला और विज्ञान वर्ग के लिए अलग-अलग पाठ्यक्रम संचालित होने पर छात्र-छात्राओं को पढ़ाई करने में परेशानी होती है। कक्ष के अभाव में कला और विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राओं को कई बार एक ही कक्ष में पढ़ाई करना पड़ता है।
अभिभावक शिक्षक संघ अध्यक्ष विनोद जुगलान ने बताया कि छात्र-छात्राओं को परेशानी न हो इसके लिए शिक्षा विभाग से चार कमरे और एक शौचालय निर्माण के लिए करीब एक करोड़ 16 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। विद्यालय में कक्षों के निर्माण के लिए कई बार शासन प्रशासन स्तर पर पत्राचार किया जा चुका था, कड़ी मशक्कत के बाद अब विद्यालय को भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है।
-
कोट
विद्यालय परिसर में भवन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत है। जल्द ही विद्यालय परिसर में भवनों को निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए अभी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। - राकेश डबराल, प्रभारी प्रधानाचार्य