गढ़वाल विवि : आठ सितंबर तक रिक्त सीटों के लिए कर सकेंगे पंजीकरण
ऋषिकेश। गढ़वाल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल दोबारा खोल दिया गया है। अभ्यर्थी चार सितंबर से आठ सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू कार्यालय से जारी अधिसूचना के अनुसार विवि परिसर और विवि से संबद्ध महाविद्यालयों व संस्थानों में संचालित स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के अलावा बीएड, एमएड, बीपीएड, बीएलआईएस, एलएलबी, एलएलएम व स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 14 सितंबर को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा में अर्हता प्राप्त सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए अपने इच्छित विवि परिसर व संबद्ध महाविद्यालय/संस्थान और वांछित पाठ्यक्रम का चयन करते हुए समर्थ प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य किया गया है। डीएसडब्ल्यू प्रो. ओपी गुसाई ने बताया कि रिक्त सीटों पर प्रवेश के इच्छुक सभी पात्र अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें। पंजीकरण के बाद विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया और काउंसलिंग में निर्धारित नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।