- विभिन्न खेल व एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हासिल किया प्रथम स्थान
ऋषिकेश। आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित दो दिवसीय संकुल स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी, गुमानीवाला के विद्यार्थियों का दबदबा रहा। विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल व एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के 600 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में विद्यालय की मोनिका, लंबी कूद जूनियर बालक वर्ग में अंकुश सिंह, लंबी कूद जूनियर बालिका वर्ग में पायल, गोला फेंक जूनियर बालक वर्ग में अंकुश, गोला फेंक जूनियर बालिका वर्ग में राधिका और चक्का फेंक जूनियर बालक वर्ग में दिव्यांशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में सीमा, 200 मीटर जूनियर बालक वर्ग में अंकुश, 200 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में राधिका और 500 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में पायल ने भी प्रथम स्थान हासिल किया। 500 मीटर जूनियर बालक वर्ग में दिव्यांश व 600 मीटर जूनियर बालक वर्ग में अमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय की जूनियर बालिका व बालक कबड्डी टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका व बालक रिले रेस में भी राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया। योग प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्राथमिक वर्ग में लंबी कूद व 200 मीटर दौड़ में प्राची और लंबी कूद में शिवांश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 50 मीटर दौड़ में प्राची और 100 मीटर दौड़ में प्रियांशु ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वहीं 500 मीटर दौड़ में शिवांश ने तृतीय स्थान हासिल किया।