- 4 करोड़ रुपये की लागत से बना 700 मीटर लंबा नाला बदहाल, स्थानीय लोगों ने हादसे और बीमारी का जताया डर
ढालवाला। नगर पालिका की ओर से वार्ड नंबर-11 ढालवाला में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया 700 मीटर लंबा और 3 मीटर चौड़ा बरसाती नाला अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले की नियमित सफाई नहीं हो रही है और सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले कुछ महीनों में कई लोग नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं। एक व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन तक बुलानी पड़ी थी। इसके बावजूद नाले के किनारे न तो रेलिंग या सुरक्षा जाली लगाई गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। आसपास आरबीएनएल के मजदूरों के अस्थायी आवास और कई रिहायशी मकान हैं, जबकि बच्चे और महिलाएं रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं। स्थानीय निवासी सुशीला सेमवाल ने बताया कि कई बार सभासद और पालिका अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं रमेश रावत ने कहा कि नाले में गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, बदबू आती है और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी नहीं किया जाता।बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाए गए इस नाले में जगह-जगह कचरा, पॉलिथीन और घास जमा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नाले की नियमित सफाई, सुरक्षा जाली लगाने और मच्छर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
कोट-
सिंचाई विभाग को अवगत करा दिया गया है जल्द ही नाले की साफ सफाई कराई जाएगी।
- बद्री प्रसाद भट्ट, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, मुनि की रेती