ऋषिकेश। एनजीए कक्षा 12वीं के छात्र प्रियांशु चमोला को विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने सम्मानित किया। प्रियांशु ने एक अगस्त को कसिगा स्कूल, देहरादून में आयोजित प्रतिष्ठित केलेडोस्कोप 2026 लेंस फोटोग्राफी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी जीती थी। इस अवसर पर अग्रवाल ने प्रियांशु को पटका पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अग्रवाल ने कहा कि प्रियांशु ने अपनी रचनात्मक सोच और फोटोग्राफी प्रतिभा के माध्यम से न केवल अपने विद्यालय का बल्कि पूरे ऋषिकेश क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने प्रियांशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। इस मौके पर कौशल बिजलवान, सोनू पाण्डे, गोपाल सती, जितेंद्र पाल, हर्ष पाल, विपिन कुकरेती मौजूद रहे।