ढालवाला। मानसून के बाद गंगा का जलस्तर सामान्य होते ही रिवर राफ्टिंग संचालकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खारा स्रोत क्षेत्र में राफ्टिंग वाहनों के लिए जेसीबी से जमीन समतल की जा रही है। हर साल जुलाई-अगस्त में सुरक्षा कारणों से राफ्टिंग बंद रहती है और सितंबर के अंतिम सप्ताह में इसे दोबारा शुरू की जाती है। सुरक्षा के संबंध में प्रशासन और राफ्टिंग संघ ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राफ्ट, पैडल, लाइफ जैकेट और हेलमेट समेत सुरक्षा उपकरणों की जांच व मरम्मत कराई जा रही है। ट्रेंड गाइड और रेस्क्यू कयाक की व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है। ब्रह्मपुरी, शिवपुरी और मरीन ड्राइव समेत विभिन्न राफ्टिंग स्ट्रेच के लिए पैकेज और एडवांस बुकिंग की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। राफ्टिंग शुरू होने से पर्यटन कारोबार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार से जुड़े हजारों लोगों को अच्छे सीजन की उम्मीद है।