एमएसपी की गांरटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के किसानों ने बुधवार को ट्रैक्टर रैली निकालकर प्रदर्शन किया। डीएम देहरादून को ज्ञापन देने के लिए दून की आरे निकले तो पुलिस ने उन्हें टोल प्लाजा पर ही रोक दिया। बाद में एसडीएम डोईवाला को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भाकियू टिकैत ग्रुप से जुड़े किसान ऋषिकेश रोड़ स्थित गुरुद्वारा लंगर हाल परिसर में एकत्रित हुए। भाकियू जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा के नेतृत्व में किसान ट्रैक्टर रैली लेकर देहरादून के लिए निकले। प्रदर्शनकारी सबसे आगे जेसीबी के पंजे पर बैठकर सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए चले। टोल प्लाजा लच्छीवाला में किसानों को पुलिस-प्रशासन ने रोक दिया। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने जमकर नारेबाजी की। धरने पर बैठ गए।
भाकियू टिकैत ग्रुप के संरक्षक गुरदीप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान हतोत्साहित हो रहा है। एमएसपी की गांरटी का वादा करने के बावजूद सरकार मुकर रही है। कहा कि किसानहित में निर्णायक संघर्ष का आगाज हो चुका है। भाकियू टिकैत जिलाध्यक्ष सुरेंद्र खालसा ने कहा कि सरकार किसानों की वाजिब मांगों की अनदेखी कर रही है। इसके गंभीर परिणाम आने शुरू हो गए है। उन्होने कहा कि सरकार किसानों की आवाज दबाने का काम कर रही है। किसानों ने मौके पर पहुंची उपजिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौडियाल को ज्ञापन देकर समस्याओं के निदान की मांग रखी। प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, पूर्व प्रधान इंद्रजीत सिंह, जीतेंद्र कुमार, सागर मनवाल, सरजीत सिंह, बलबिंदर सिंह, अमरजीत सिंह, कमल अरोडा़, शुभम कांबोज, खालिद आदि काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।