- स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अमेरिकी युवक को कराया एम्स में भर्ती, उपचार जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। एम्स रोड स्थित एक आश्रम के बाहर अमेरिका निवासी 30 वर्षीय रोबिन नाम के युवक ने जमकर हंगामा किया। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ दिख रहा था। काफी देर तक मौके पर असामान्य हरकतें करता रहा। सूचना मिलते ही एम्स चौकी प्रभारी विनेश कुमार और कुलदीप चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने युवक को पेट्रोलिंग वाहन में बैठाकर मेडिकल जांच के लिए एम्स लेकर पहुंचे। मौके पर स्थानीय अभिसूचना इकाई के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ऋषिकेश कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि अमेरिकी नागरिक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। जिसे उपचार के लिए एम्स के मनोचिकित्सक विभाग में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, एलआईयू की ओर से भी संबंधित एंबेसी से भी संपर्क किया गया है।