ऋषिकेश। लगातार हो रही बारिश के चलते चंद्रभागा नदी उफान पर है। बृहस्पतिवार को ढालवाला क्षेत्र में पानी की टंकी के समीप नदी किनारे खेल रही 10 वर्षीय मासूम का अचानक पैर फिसलने से वह चंद्रभागा के तेज बहाव की चपेट में आ गई। मासूम को नदी में बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई व उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। इसी दौरान ढालवाला चेक पोस्ट पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल जयनारायण की नजर नदी में बह रही मासूम पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाई और तेज बहाव के बीच बहकर आ रही मासूम को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए राजकीय उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर मासूम के परिजनों ने कांस्टेबल जयनारायण का आभार जताया। मासूम के पिता मुन्ना शर्मा ने बताया कि वह ढालवाला पानी की टंकी के समीप रहते हैं। संवाद