ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर व टप्पेबाज को टिहरी जनपद के मलेथा से गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद की गई है। हिमालयन गेस्ट हाउस रामझूला स्वर्गाश्रम निवासी वंदना राणा ने लक्ष्मणझूला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वंदना ने पुलिस को बताया था कि किसी अज्ञात चोर ने गेस्ट हाउस के बाहर पार्क उसकी स्कूटी चोरी कर ली है। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि काफी तलाश के बाद आरोपी युवक को श्रीनगर के समीप टिहरी जनपद के मलेथा से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद की गई है। आरोपी की पहचान सुनील उर्फ सोनू निवासी उफलडा श्रीनगर के रूप में हुई। आरोपी पर इससे पहले भी कई चोरी और टप्पेबाजी के मुकदमे दर्ज हैं। इनकी पैरवी के लिए होने वाले खर्च के लिए वह चोरी की घटना को अंजाम दिया करता था। संवाद