सर्वहारा नगर स्थित बाइक शोरूम में पार्षद और शोरूम संचालक के बीच विवाद में स्थानीय निवासियों ने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है। शुक्रवार को सर्वहारा नगर के लोगों ने कोतवाली का घेराव कर विरोध दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस पार्षद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था, जो न्यायिक हिरासत में हैं। बीते रविवार को सर्वहारा नगर स्थित बुलेट शोरूम में पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों का शोरूम मालिक के साथ विवाद हो गया था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शोरूम संचालक रंजीत सिंह ने स्थानीय पार्षद वीरपाल सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ लूट, महिला स्टाफ के साथ छेड़खानी, धार्मिक भावनाओं काे आहत करने सहित कई आरोप लगाए। वहीं पार्षद वीरपाल ने भी शोरूम संचालक रंजीत और उसके बेटों पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने व मारपीट के आरोप लगाए थे। पुलिस ने पार्षद वीरपाल व दो अन्य को गिरफ्तार किया था। पार्षद वीरपाल ने लक्ष्मणझूला मार्ग पर स्थित हेमकुंट गुरुद्वारा पहुंच कर दरबार में माफी भी मांगी थी। शुक्रवार को बड़ी संख्या में सर्वहारा नगर के निवासी कांग्रेस नेता दीपक प्रताप जाटव के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे। लोगों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कोतवाली का घेराव किया। दीपक जाटव ने कहा कि पुलिस ने पूरे प्रकरण में एकतरफा कार्रवाई की है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटों के भीतर दूसरे पक्ष के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो सड़कों पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। गुलाबचंद गुप्ता, विशाल गुप्ता, विकास गुप्ता, सोनू गुप्ता, दिलशाद, रेशमा, संतो आदि शामिल रहे।