नगर निगम ऋषिकेश के वार्डों की स्थिति को लेकर अमर उजाला की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। हर दिन एक वार्ड में जाकर मूलभूत सुविधाएं परखी जा रही हैं। सफाई नालियां, स्ट्रीट लाइट, पेयजल की व्यवस्थाओं को लेकर लोगों से बातचीत की जा रही है। शुक्रवार को टीम ने बापूग्राम वार्ड 31 में जाकर वहां की स्थिति को देखा गया। नालियों में गंदगी जमा पड़ी थी। कई स्थानों पर पेयजल लाइन के लिए खुदी हुई रोड दिख रही थी। कई स्थानों पर नालियों में घास जमी हुई थी। पूरे क्षेत्र में अधिकतर समस्या नालियां साफ न होने की थी। लोगों का कहना था कि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। डेंगू के खतरे के बीच वार्ड में फॉगिंग भी नहीं कराई जा रही है। नालियों में कीटनाशक का छिड़काव भी नहीं किया जाता है।
बोले स्थानीय निवासी
35 नंबर गली में निगम के कर्मचारी नालियों की सफाई करने नहीं आते। केवल झाड़ू लगाई जाती है। झाड़ू लगाने के बाद सड़क की सिल्ट को नाली में डाल दिया जाता है। जहां पर नाली को अंडरग्राउंड किया गया था, वह स्लैब क्षतिग्रस्त हो रखी है। सफाई के काम में खानापूरी हो रही है। निगम को सफाई को लेकर गंभीरता बरतनी चाहिए।
- दीपक यादव, स्थानीय निवासी
नगर निगम की ओर से सफाई को लेकर गंभीरता नहीं बरती जाती है। बापूग्राम से सटे से आईडीपीएल भूमि में स्थानीय लोग कूड़ा डालते हैं, लेकिन उसे साफ नहीं करवाया जाता। कई बार वहां पॉलिथीन अन्य सामान उड़कर सड़क पर बिखर जाता है। फॉगिंग करने वाले भी नहीं आते। नालियों की सफाई में महीनों बाद होती है।
- निखिल जोशी, स्थानीय निवासी
वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। नालियों में कूड़ा जमा है। क्षेत्र में नालियां ठीक भी हैं। झाड़् लगाने के बाद सिल्ट डालने से वह भी गंदगी से भर गई हैं। कूड़े की गाड़ी का आने का भी कोई समय नहीं है। जब इच्छा होती है तब कूड़ा गाड़ी आती है। ऐसे में कई घरों में बहुत कूड़ा एकत्रित हो जाता है।
- सीमा चौधरी, स्थानीय निवासी
वार्ड में कूड़ा एकत्रीकरण शुल्क लेने के लिए तो निगम की टीम नियत तारीख पर पहुंच जाती है, लेकिन नालियों की सफाई कराने की कोई तारीख नहीं होती। महीनों बाद नालियों से गंदगी साफ की जाती है। झाड़ू लगाने का काम में भी टालमटोल की जाती है। सारी सफाई हवलदार के भरोसे छोड़ी गई है।
- देवंती देवी, स्थानीय निवासी
बापू्ग्राम वार्ड में सफाई व्यवस्था शून्य है। जब कई दिनों तक नगर निगम के कर्मचारी सफाई करने नहीं आते तो लोग स्वयं ही अपने घरों के आगे नाली साफ करते हैं, झाड़ू लगाते हैं। गली नंबर एक, दो, तीन में सफाई काफी समय नहीं हुई। नालियों में जल निकासी न होने से बीमारी का खतरा है।
-राहुल, स्थानीय निवासी
वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के इंतजाम कराए जाते हैं। यदि कहीं पर सफाई नहीं हो पा रही, तो वहां पर कर्मचारियों को भेजकर व्यवस्था ठीक कराई जाएगी। ढाल पर जहां नाली अंडरग्राउंड है, वहां भी रोड को ठीक कराया जाएगा।
-रश्मि देवी, पार्षद
बापूग्राम वार्ड में जो भी अव्यवस्थाएं हैं, उन्हें दुरुस्त कराने के लिए संबंधित अनुभाग अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। सफाई, पथ प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त किया जाएगा।
- राहुल गोयल, नगर आयुक्त