डोईवाला। रामनवमी का पर्व नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया गया। घरों में कन्या पूजन कर बालिकाओं को हलवा पूरी और अन्य पकवानों का भोग लगाया गया। मंदिरों में भी दिन भर धार्मिक अनुष्ठान, पूजा अर्चना और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। सोमवार को रामनवमी के दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने घरों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। डोईवाला के लच्छीवाला स्थित माता मणिमाई मंदिर, नकरौंदा स्थित माता भद्रकाली मंदिर, खैरी वनबाह स्थित माता नलों वाली देवी मंदिर, शक्ति भवन मंदिर ,अग्रवाल धर्मशाला स्थित मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंडित रमेश डंडरियाल ने श्रद्धालुओं को नवरात्रों में देवी की आराधना का महत्व बताया। वहीं, नौवें दिन कन्या पूजन की परंपरा निभाते हुए श्रद्धालुओं ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण स्पर्श किए और उन्हें भोजन कराकर उपहार और दक्षिणा भेंट की।