- पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सरकार के दबाव में परेशान करने का लगाया आरोप
डोईवाला। आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास घेराव का प्रयास करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज होने और वाहनों की जब्ती को लेकर कांग्रेस ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस सरकार के दबाव में कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि शनिवार को कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए गए थे और अब उनके चिह्नित वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के परवादून जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद का वाहन खता डोईवाला से रोककर जब्त कर लिया गया। मुकेश प्रसाद ने कहा कि वाहन जब्त करने से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री आवास घेराव के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कैंट और डोईवाला कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख डोईवाला गौरव सिंह, नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी, मनोज नौटियाल, गुरदीप सिंह, ताजेंद्र सिंह ताज, इंद्रजीत सिंह, तेजपाल मोंटी, राहुल सैनी और शार्दूल नेगी ने कांग्रेस जिला कार्यालय में बैठक कर पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।