नगर पालिका डोईवाला ने लोगों को स्वस्थ रखने के लिए लाखों रुपये खर्च कर विभिन्न वार्डों में ओपन जिम स्थापित किए थे। इनमें से कुछ मशीनें खराब या क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों को इनका लाभ नहीं मिल रहा है। वार्ड नंबर पांच बिचली जौलीग्रांट में नलकूप प्रांगण की कई मशीनें उखाड़कर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दी गई हैं।नलकूप के जीर्णोद्धार के दौरान इन मशीनों को हटाया गया था। जो मशीनें अभी भी लगी हैं, उनके नीचे मलबा डालकर जमीन को ऊबड़-खाबड़ बना दिया गया है। इस कारण जिम करते समय कई लोग चोटिल हो चुके हैं। स्थानीय सभासद राकेश डोभाल ने बताया कि नगर पालिका ने ओपन जिम की मशीनें नलकूप विभाग की जमीन पर लगाई थीं। नलकूप की मरम्मत के दौरान मशीनों से काम में दिक्कत आ रही थी। इसलिए कुछ मशीनों को उखाड़ा गया था। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही ओपन जिम की मशीनों को दूसरे स्थान पर स्थापित किया जाएगा।