ऋषिकेश। मुनि की रेती स्थित ओंकारानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (ओआईएमटी) कॉलेज में 28वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। संस्थान परिसर में आयोजित समारोह में पदाधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ओंकारानंद सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी विशेश्वरानंद महाराज और सचिव डॉ. सोमाशेखरी ने किया। संस्थान के निदेशक डॉ. विकास गैरोला ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 28 वर्षों की यात्रा संस्थान के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों का श्रेय शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों और प्रतिभावान विद्यार्थियों की मेहनत व प्रतिबद्धता को दिया। उन्होंने बताया कि ओआईएमटी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों व संस्थानों के साथ संबंध मजबूत किए हैं और छात्रों के बेहतर करियर व प्लेसमेंट के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. गैरोला ने युवाओं से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग ज्ञान और सकारात्मक गतिविधियों के लिए किया जाए तथा इसके दुष्प्रभावों से बचते हुए समय का सदुपयोग किया जाए। इस अवसर पर मुनेश अग्निहोत्री, धीरेंद्र जोशी, डॉ.आप्रपाली, डॉ.राजेश मनचन्दा, डॉ.प्रदीप पोखरियाल, डॉ.संतोष डबराल, नवीन द्विवेदी, प्रमोद उनियाल,मुकेश राणाकोटी, डॉ. गंगोत्री रावत, प्राची, हेमलता गुप्ता, अरुण कुमार दुबे, डॉ. सुदीप सारस्वत, चन्द्रिका जोशी आदि उपस्थित रहे।