लाइसेंस निरस्त नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
डिपार्टमेंटल स्टोर से शराब की बिक्री के विरोध में अब श्रीदेव सुमन विवि ऋषिकेश परिसर के छात्र भी उतर आए हैं। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शराब बिक्री का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। कहा है कि लाइसेंस निरस्त नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शहर के वीरभद्र क्षेत्र में डिपार्टमेंटल स्टोर से शराब बिक्री का विरोध बढ़ रहा है। साधु-संतों के बाद अब प. ललित मोहन शर्मा परिसर ऋषिकेश के छात्रसंघ पदाधिकारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। छात्रसंघ अध्यक्ष साक्षी तिवारी और महासचिव अमन पांडे ने कहा कि जिस स्थान पर डिपार्टमेंटल स्टोर खोला गया है उसके एक तरफ एम्स और दूसरी तरफ एक डेंटल कालेज है।
साक्षी और अमन ने कहा कि उनके परिसर के छात्र भी अक्सर इसी मार्ग से आते-जाते हैं। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने कहा कि इसे जल्द बंद कर दिया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्रसंघ उपाध्यक्ष केशव पोरवाल, सह सचिव सुष्मिता जोशी, यूआर अभय वर्मा, रोहित नेगी, अमन निशाद, रोहन नयाल, हिमांशु जाटव, अभिषेक राणा, नीरज चमोली आदि मौजूद रहे।