Iपिकेट से टकराने के बाद ट्रक का अगला हिस्सा फुटपाथ पर चढ़ा
I
Iबीते सोमवार की देर रात्रि एक बजे हुआ हादसाI
सीमेंट के बैग से लदा ट्रक मुख्य बाजार में डाकपत्थर तिराहा पर होटल यात्रिक के समीप अनियंत्रित होकर पुलिस पिकेट से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा फुटपाथ पर चढ़ गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई ट्रक की चपेट में नहीं आया। जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक सीमेंट लेकर पुरोला (उत्तरकाशी) जा रहा था। बीती सोमवार की रात करीब एक बजे ट्रक बाजार चौकी क्षेत्र अंतर्गत डाकपत्थर तिराहा पर पहुंचा। इस दौरान नवाबगढ़ की ओर से आ रही कार को बचाने के लिए चालक ने ट्रक को नीचे की ओर काट दिया। जिससे ट्रक तिराहे पर बने पुलिस पिकेट से टकरा गया।
यहां लगे लोहे के एंगल से ट्रक के आगे का टायर फट गया और ट्रक फुटपाथ पर चढ़ गया। टायर फटने से हुए धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुल गई। सभी घरों से बाहर निकल गए।
टायर कारोबारी रमन ढींगरा ने बताया कि तेज धमाके की आवाज से वे जागे। बाहर आकर देखा कि ट्रक का अगला हिस्सा उनकी दुकान के आगे फुटपाथ पर चढ़ा है। सूचना पर बाजार चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सुबह होने पर ट्रक को साइड किया गया। इस बीच हाईवे पर एक तरफ का ट्रैफिक भी प्रभावित रहा।
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि ट्रक के कारण जो भी नुकसान हुआ है, उसकी मरम्मत ट्रक मालिक करा रहा है। मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।