दीक्षांत समारोह में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आज हम 19,849 स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को उपाधि दे रहे हैं। 69 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक दे रहे हैं। जिसमें लड़कियों की संख्या ज्यादा है। हमारी छात्राएं हर जगह बाजी मार रही हैं। भारत की संसद में भी नारी शक्ति वंदन विधेयक पास हो गया है। अगला जो दशक होगा वह उत्तराखंड में छात्राओं और महिलाओं का दशक होगा।
उन्होंने कहा कि इस साल उच्च शिक्षा में राज्य की रैंकिंग के लिए 12 विवि में जो प्रथम, द्वितीय और तृतीय आएंगे, उन्हें एक करोड़ से लेकर 25 लाख तक का अतिरिक्त अनुदान दिया जाएगा। जो डिग्री कॉलेज इस बार नैक में ए ग्रेड, बी ग्रेड और सी ग्रेड आए हैं, उनको भी राज्य सरकार की ओर से 25 हजार से ढाई लाख तक का पारितोषिक दिया गया है।
कहा, अब हम गुणवत्ता पर ध्यान देने जा रहे हैं। हमने तय किया है कि गरीब छात्र रिसर्च के लिए आवेदन करता है तो उसे पांच हजार रुपये मासिक सरकार देगी। टॉपर, 70 प्रतिशत से अधिक अंक और उपस्थिति वाले छात्रों को तीन से पांच हजार रुपये का मासिक अनुदान दिया जाएगा। कहा, कोई छात्र पीसीएस का प्री निकाल देता है तो सरकार की ओर से एक लाख रुपये का पारितोषिक दिया जाएगा। पीसीएस की मेन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र को अब 50 हजार की जगह एक लाख रुपये का पारितोषिक दिया जाएगा।
भारत दर्शन यात्रा पर जाएंगे टॉपर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि अब राज्य सरकार की ओर से एक योजना निकाली जा रही है, जिसके तहत हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर के टॉपर छात्र-छात्राओं को 15 दिन के लिए भारत दर्शन यात्रा पर भेजा जाएगा। हर ब्लॉक से 25 छात्र जाएंगे। देश के टॉप 100 विवि में प्रवेश लेने वाले छात्रों को सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
अब हर साल टिहरी में होगा दीक्षांत समारोह
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि टिहरी के बादशाही थौल में भी ऑडिटोरियम बनने जा रहा है। अब हर साल विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह टिहरी स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा।