छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराया नया फर्नीचर
डोईवाला। हरज्ञानचंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को दान में मिले 2.51 लाख की धनराशि से कक्षाकक्ष और बच्चों के लिए नया फर्नीचर उपलब्ध कराया गया। बृहस्पतिवार को ऋषिकेश रोड स्थित हरज्ञानचंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में समाजसेवी राकेश गुप्ता और नीरज सिंघल ने कक्षा कक्ष और उपलब्ध कराए गए फर्नीचर को छात्रों को समर्पित किया। आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि समाजसेवी राकेश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज के लोगों का योगदान छात्रों के भविष्य को बेहतर बनाने में भूमिका निभाता है। कहा कि कहा कि समाज के उन्नयन की सोच रखने वाले लोगों को शिक्षा के मंदिरों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग करना चाहिए। विद्यालय अध्यक्ष ईश्वरचंद अग्रवाल ने कक्ष और नए फर्नीचर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य महेश गुप्ता, रितु पाल, मनीष नेगी, हिमांशु बिष्ट, अर्पित नेगी, प्रतिभा भट्ट आदि मौजूद रहे।