मेस इलेवन ने सर्जरी किंग को 34 रन से हराकर एचपीएल का खिताब जीता: विवि
- फोटो : shiv tripathi
स्वामी राम हिमालयन विवि (एसआरएचयू) जौलीग्रांट के हिमालयन रिक्रिएशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट (एचआरडब्ल्यूटी) के तत्वावधान में आयोजित हिमालयन प्रीमियर लीग (एचपीएल) का समापन मेस इलेवन की शानदार जीत के साथ हुआ। लगभग तीन माह तक चले इस क्रिकेट टूर्नामेंट में विवि की 30 टीमों ने हिस्सा लिया। जिनके बीच कुल 73 मुकाबले खेले गए। फाइनल मुकाबले में सर्जरी किंग ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेस इलेवन ने निर्धारित 12 ओवरों में 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सर्जरी किंग की टीम 12 ओवरों में 72 रन पर ऑलआउट हो गई। मेस इलेवन ने 34 रन से जीत दर्ज कर एचपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल में मेस इलेवन के रमेश रावत ने 25 गेंदों में 68 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में बबलू ने सर्वाधिक 246 रन बनाकर बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार हासिल किया। सर्जरी किंग के विकास ने 20 विकेट लेकर बेस्ट बॉलर का खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना और एसआरएचयू सलाहकार एपी पारिगी ने विजेता मेस इलेवन और उपविजेता सर्जरी किंग की टीम को क्रमश: 25 हजार और 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के चेक और ट्रॉफी प्रदान किए।