जौलीग्रांट। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज, इस सीजन में पहली बार लोगों ने निकाले गर्म कपड़े बृहस्पतिवार सुबह से दोपहर तक हुई हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। इसके चलते अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और ठिठुरन बढ़ गई। अचानक बदले मौसम के कारण इस सीजन में पहली बार लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप खिली, लेकिन शाम ढलते ही एक बार फिर आसमान में बादल छा गए।एयरपोर्ट मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह एक दिन में अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री की गिरावट आई। वहीं, बृहस्पतिवार को कुल 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।