श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विवि के निदेशक प्रो. एमएस रावत से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने 15 दिन के अंदर समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। छात्रों ने ज्ञापन में बताया कि विवि परिसर में सुविधा घरों और शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है। विवि परिसर में गंदगी फैली हुई है। छात्रों को शैक्षिक भ्रमण पर भी नहीं भेजा जाता है। वहीं परिसर में सैनेट्री पैड वेडिंग मशीन की व्यवस्था नहीं है। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए विवि में विभिन्न कार्यशालाओं का भी आयोजन होना चाहिए। साथ ही छात्रों की समस्या के लिए सुझाव पेटी की व्यवस्था होनी चाहिए। छात्र ऋषभ चौहान ने बताया विवि के कुलपति और परीक्षा नियंत्रक की लापरवाही के कारण नियमित रूप से पढ़ रहे छात्रों को बीते कुछ वर्षों से कई समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। छात्रों ने कई बार विवि प्रशासन को ज्ञापन भी दिया है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। इस मौके पर आयुष भंडारी, सुमित कांधिल, विधांशु, अक्षत बिजल्वाण, सक्षम चौहान, अंशुल आदि मौजूद रहे।